भंडार और बिष्ट गांव में निर्माण कार्यों का निरीक्षण, अधिकारियों को गुणवत्ता व समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश
मसूरी। मानसून के बीच आपदा से बचाव की तैयारियों को लेकर उत्तराखंड सरकार सतर्क नजर आ रही है। इसी क्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सोमवार को मसूरी विधानसभा क्षेत्र के भंडार गांव और बिष्ट गांव का दौरा कर बाढ़ एवं आपदा सुरक्षा से जुड़े निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने भंडार गांव में सड़क सुधारीकरण और पुश्ता निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने बिष्ट गांव में निर्माणाधीन सुरक्षा दीवार का निरीक्षण किया। मंत्री ने अधिकारियों को सुरक्षा दीवार के साथ आवश्यक जाल (प्रोटेक्शन नेट) लगाने का कार्य भी तेजी और गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि बरसात के मौसम में संवेदनशील क्षेत्रों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आपदा सुरक्षा कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित क्षेत्रों में सभी आवश्यक सुरक्षात्मक कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरे किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष राजीव गुरुंग, लक्ष्मण सिंह रावत, अनुराग, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।